बॉम्बे मार्केट में लौटी रौनक, रक्षाबंधन की ग्राहकी से खिले व्यापारियों के चेहरे*
oplus_2
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
*बॉम्बे मार्केट में लौटी रौनक, रक्षाबंधन की ग्राहकी से खिले व्यापारियों के चेहरे*
कांतिलाल मांडोत
सूरत 22 अगस्त 26
एशिया के सबसे बड़े कपड़ा बाजारों में शुमार सूरत का अमरवाड़ा स्थित बॉम्बे मार्केट इन दिनों रक्षाबंधन की ग्राहकी से गुलजार है। लंबे समय से ग्राहकी में सुस्ती का सामना कर रहे कपड़ा कारोबारियों के चेहरों पर अब रौनक लौट आई है। रक्षाबंधन के साथ ही जन्माष्टमी और गणपति उत्सव की तैयारियों के चलते कपड़ा बाजार में खरीदारी का दौर शुरू हो गया है। देश के विभिन्न राज्यों से व्यापारी और ग्राहक कपड़ों की खरीदारी के लिए सूरत पहुंच रहे हैं।

बॉम्बे मार्केट में इन दिनों साड़ियों, ड्रेस मटेरियल, शर्टिंग-शूटिंग और एम्ब्रॉयडरी वाली महंगी साड़ियों की मांग देखने को मिल रही है। खासतौर पर बनारसी साड़ियों और भारी वर्क वाली साड़ियों की खरीदी के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से ग्राहक पहुंच रहे हैं। रिटेल ग्राहकी बढ़ने का सीधा असर रिंगरोड स्थित थोक और सेमी होलसेल बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। देशावर से ग्राहकी निकलने के कारण थोक कारोबार में भी तेजी आने लगी है।
स्थानीय व्यापारी प्रकाश चपलोत ने बताया कि बॉम्बे मार्केट में फिलहाल सीजन की ग्राहकी चल रही है। रक्षाबंधन के बाद जन्माष्टमी और गणपति उत्सव की ग्राहकी भी बाजार को गति देगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में त्योहारी सीजन के कारण बाजार में यह रौनक बनी रहने की उम्मीद है। देश के अनेक राज्यों से ग्राहक बॉम्बे मार्केट में कपड़ों की खरीदारी के लिए आते हैं। यहां अलग-अलग रेंज और डिजाइन की साड़ियों के साथ बनारसी और भारी वर्क वाली साड़ियों की भी अच्छी वैरायटी उपलब्ध है।
व्यापारी सुखलाल जैन ने बताया कि अभी रक्षाबंधन की ग्राहकी प्रमुख रूप से चल रही है। इसके साथ ही आगामी त्योहारी सीजन को लेकर व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। उन्होंने बताया कि कुछ सप्ताह पहले तक बॉम्बे मार्केट में रिटेल ग्राहकी काफी कमजोर थी, जिसके कारण व्यापारियों में मायूसी थी। अब ग्राहकी निकलने लगी है और बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्यप्रदेश के अलावा केरल तथा तमिलनाडु तक से महिला-पुरुष शादी और त्योहारों की खरीदारी के लिए बॉम्बे मार्केट पहुंच रहे हैं।

रक्षाबंधन के मौके पर साड़ियों और ड्रेस मटेरियल की मांग बढ़ी है। इसके अलावा शादी-ब्याह के लिए भारी वर्क वाली साड़ियों की खरीदारी भी शुरू हो गई है। व्यापारियों का कहना है कि शादी और त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ ग्राहकी का दायरा और बढ़ सकता है। ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार थोक से लेकर सेमी होलसेल और रिटेल बाजार तक खरीदारी कर रहे हैं।
बॉम्बे मार्केट के समीप स्थित न्यू बॉम्बे मार्केट में भी रिटेल ग्राहकी में सुधार देखने को मिला है। यहां दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। व्यापारी भरत दोषी ने बताया कि अभी रिटेल ग्राहकी अच्छी निकली है। लौट-जोबलोट साड़ियों की सेमी होलसेल मार्केट में भी ग्राहकी ठीक है। रिंगरोड स्थित सेमी होलसेल बाजार में भी पिछले कुछ दिनों की तुलना में अधिक चहल-पहल दिखाई दे रही है।
व्यापारियों के मुताबिक त्योहारों के साथ-साथ शादी-ब्याह की खरीदारी भी बाजार को मजबूती दे रही है। सूरत का कपड़ा बाजार देशभर के कपड़ा व्यापारियों और ग्राहकों के लिए प्रमुख केंद्र है। विभिन्न राज्यों से आने वाले ग्राहक यहां एक ही स्थान पर अलग-अलग गुणवत्ता, डिजाइन और कीमत की साड़ियां तथा अन्य कपड़े खरीद सकते हैं। यही वजह है कि सीजन शुरू होते ही देशावर की ग्राहकी सूरत की ओर बढ़ने लगती है।
व्यापारियों को उम्मीद है कि रक्षाबंधन से शुरू हुआ ग्राहकी का यह दौर दीपावली तक जारी रहेगा। आगामी दिनों में जन्माष्टमी, गणपति और इसके बाद नवरात्रि तथा दीपावली जैसे त्योहारों की खरीदारी बाजार को लगातार गति दे सकती है। त्योहारी सीजन लंबा होने के कारण थोक, सेमी होलसेल और रिटेल बाजार में कारोबार बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
कई दिनों की मायूसी के बाद ग्राहकी निकलने से अब कपड़ा व्यापारियों के चेहरे खिल गए हैं। बाजार में बढ़ी आवाजाही को व्यापारी आगामी सीजन के लिए सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। यदि ग्राहकी की मौजूदा रफ्तार बनी रहती है तो आने वाले सप्ताहों में सूरत के कपड़ा बाजार में कारोबार और तेज होने की उम्मीद है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





